विद्या में जो तेज निहित है, वह न दिखे धन-दौलत में।
जो बाँटने से और बढ़े, वह होता है ज्ञान समर्पण में॥
-सूर्यकांत त्रिपाठी निराला

बीआईटी सिंदरी के छात्रों द्वारा संचालित शैक्षणिक एवं सामाजिक संस्था प्रयास इंडिया के द्वारा ‘रेनबो २५’ का आयोजन भव्यता पूर्वक किया गया। ‘रेनबो’ कॉलेज के आसपास ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर शिक्षा की अलख जगाने वाली संस्था प्रयास इंडिया का वार्षिक कार्यक्रम है जिसमें संस्था से जुड़े सभी विद्यार्थी सम्मिलित होते हैं एवं अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करते हैं। रेनबो-२५ का विषय “परिवर्तन के पंख: सीखें, खेलें, बनाएँ, प्रेरित करें” रहा। यह सप्त दिवसीय महोत्सव 27 मार्च से प्रारंभ होकर 4 अप्रैल तक चला जिसमें इस बात का विशेष ध्यान रखा गया कि बच्चों का शैक्षणिक एवं रचनात्मक ज्ञान के साथ सर्वांगीण विकास हो सके। प्रथम दिवस खेलो इंडिया खेलो कार्यक्रम के साथ इसका आगाज हुआ, तदनुसार रैली और नुक्कड़ नाटक, पावर ऑफ नॉलेज, सुर संग्राम, डांसिंग स्टार, पॉट पेंटिंग एवं अंतिम दिवस मेगा नाइट जिसमें विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया था के साथ इस भव्य आयोजन का समापन हुआ। प्रयास इंडिया के स्वयंसेवकों एवं छात्रों के योगदान के कारण इस कार्यक्रम का आयोजन सफलता पूर्वक हुआ।

रेनबो-२५ समारोह की रंगारंग शुरुआत 27 अप्रैल को “खेलो इंडिया खेलो” कार्यक्रम के साथ हुई। इस कार्यक्रम का मूल्य उद्देश्य यह था कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेलकूद का भी उतना ही महत्व है। पहले दिन को पूरी तरह खेल गतिविधियों के लिए समर्पित किया गया, जहाँ प्रयास इंडिया के विद्यार्थियों ने उत्साह और जोश के साथ भाग लिया। दौड़, कबड्डी, बैडमिंटन, शतरंज और कई प्रकार के रोमांचक प्रतियोगिताओं ने माहौल को ऊर्जा से भर दिया। कार्यक्रम में बी.आई.टी. सिंदरी के प्रतिष्ठित प्रोफेसर डॉ. घनश्याम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने प्रेरणादायक संबोधन में खेलों की जीवन में भूमिका को रेखांकित किया और छात्रों के जोश की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ते रहने का संदेश दिया।

दूसरे दिवस की शुरुआत ब्लाइंड स्कूल (केंद्र-3) से डीएवी तसरा (केंद्र-2) तक आर्य समाज मार्ग से जागरूकता रैली के साथ हुई, जो शाम 4:00 से 5:30 बजे तक आयोजित की गई थी। रैली का विषय साइबर सुरक्षा था, जिसका उद्देश्य लोगों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, हैकिंग और साइबरबुलिंग जैसे मुद्दों पर जागरूक करना था। बच्चों की सक्रिय भागीदारी ने रैली को प्रभावशाली बना दिया। साथ ही, दो नुक्कड़ नाटकों का मंचन भी किया गया- पहला सहरपुरा चौक (4:30 बजे) और दूसरा बीआईटी सिंदरी मुख्य द्वार (5:30 बजे)। ‘युग परिवर्तन’ विषय पर आधारित इन नाटकों ने तकनीकी प्रगति और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ संदेश दिया। प्रयास इंडिया के स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम के सफल संचालन में अहम भूमिका निभाई, और छात्रों व स्थानीय समुदाय की भागीदारी ने इसके प्रभाव को और भी व्यापक बना दिया।
कार्यक्रम के तीसरे दिन क्विज़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने ज्ञान, तर्क और और अपनी बुद्धिमत्ता का बेहतरीन प्रदर्शन किया। विविध राउंड्स में सामान्य ज्ञान से लेकर विज्ञान और समसामयिक मुद्दों तक प्रश्न पूछे गए, जिनका प्रतिभागियों ने आत्मविश्वास से उत्तर दिया। इस आयोजन का उद्देश्य छात्रों में बौद्धिक विकास और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को प्रोत्साहित करना था।
चौथे एवं पांचवें दिन दिन “सुरों की बयार: सुर संग्राम” नामक संगीत प्रतियोगिता एवं “डांसिंग स्टार” नामक नृत्य प्रतियोगिताका आयोजन प्रयास केंद्र-3, डोमगढ़, सिंदरी में किया गया। सभी प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया एवं अपनी कला को सबके समझ प्रस्तुत किया। अंत में प्रतिभागियों का मनोबल बढ़ाने के लिए प्रमाण पत्र वितरण किया गया। यह आयोजन युवाओं को मंच देने और उनकी प्रतिभा को निखारने की दिशा में एक सराहनीय पहल रही।
छठे दिन “रंगों से सजी कल्पना: पॉट पेंटिंग” रचनात्मक प्रतियोगिता का आयोजन प्रयास केंद्र-3, ब्लाइंड स्कूल, डोमगढ़ में 2 मई को किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रयास के स्वयंसेवकों द्वारा प्रतिभागियों को समूहों में विभाजित कर के की गई। इसके पश्चात सभी को मिट्टी के गमले वितरित किए गए, जिन पर वे अपनी रचनात्मकता और कला का प्रदर्शन कर सकें। तीन बड़े गमलों पर विशेष थीम आधारित चित्रण किया गया- पहले पर प्रयोजनकर्ता “के.टी.एम.एल.पी.” से संबंधित कलाकृति बनाई गई, दूसरे पर प्रयास इंडिया का लोगो चित्रित किया गया, और तीसरे गमले पर रेनबो-२५ का विषय “परिवर्तन के पंख” को रंगों में ढाला गया।कार्यक्रम का माहौल उत्साह से भरपूर था। अंत में विजेताओं की घोषणा की गई और उन्हें प्रमाण पत्र प्रदान कर उनके प्रयासों को सराहा गया। ऐसे आयोजन कलाकारों की रचनात्मक को जीवंत करने का कार्य करती हैं।
कार्यक्रम के अंतिम दिन ०५ मई की संध्या आर्य समाज मैदान में संस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। ईस मैदान की साज-सज्जा, मंच की भव्यता और दर्शकों की उत्साही भीड़ ऐसा प्रतीत हो रहे थे मानो किसी उत्सव मनाया जा रहा हो। यह आयोजन, जो पूरी तरह से प्रयास इंडिया के स्वयंसेवकों द्वारा संचालित था, हर किसी के मन को छू गया। मुख्य अतिथि के रूप में जर्नल वार्डन डॉ. आर. के. वर्मा ने समारोह की गरिमा को बढ़ाया। संस्था के पूर्व स्वयंसेवक, जो आज विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत हैं, इस समारोह में शामिल होकर वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा स्रोत बने और उन्हें अपने अनुभवों से मार्गदर्शन प्रदान किया। दर्शक दीर्घा में बी०आई०टी० का पूरा परिवार एवं आसपास के गाँवों से आए लोग शामिल थे, जो बच्चों की प्रस्तुतियों को देखने के लिए बड़ी उत्सुकता से एकत्रित हुए थे।समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, राष्ट्रगान और देशभक्ति नारों के साथ हुआ, जिसने संपूर्ण वातावरण को देशप्रेम से ओत-प्रोत कर दिया। उपस्थित सभी अतिथियों ने स्वयंसेवकों की नि:स्वार्थ सेवाभावना और प्रयास इंडिया के कार्यों की सराहना की। इसके पश्चात मंचीय प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू हुआ जिसमें बच्चों के संगीतमय गायन और जोशीले नृत्य ने सबका मन मोह लिया। हर प्रस्तुति में विद्यार्थियों की प्रतिभा और उनके गुरुओं की मेहनत स्पष्ट रूप से झलक रही थी। मंच की व्यवस्था अत्यंत सुसंगठित थी और दर्शकों ने पूरे कार्यक्रम का भरपूर आनंद उठाया। अंत में एक हृदयस्पर्शी धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। यह समारोह प्रयास इंडिया की कड़ी मेहनत, एकजुटता और सेवा भावना का प्रतिफल था। संस्था बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु सतत प्रयासरत है। भारत के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली संस्था प्रयास इंडिया शिक्षा का अलख जगाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है, और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का दायित्व उठाए हुए है।पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद के महत्व को भी बराबर स्थान देते हुए संस्था ने ‘रेनबो कार्यक्रम’ के माध्यम से बच्चों के सम्पूर्ण विकास की दिशा में अहम कदम उठाया है। यह प्रयास निश्चित रूप से देश की शिक्षा और विकास में वह नींव रख रहा है, जिस पर भारत का सुनहरा भविष्य निर्मित होगा।

सराहनीय प्रयास। विश्वास है कि यह विद्यार्थी वर्ग को नई उड़ान देने में समर्थ होगा। आयोजको को बहुत बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं।
LikeLiked by 1 person